सिद्धार्थनगर। लखनऊ में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय बाल उत्सव में प्रतिभाग करने जनपद से छह छात्राएं शनिवार को बीएसए कार्यालय से रवाना हुईं। यह छात्राएं मंडल स्तर की प्रतियोगिता में चयनित हुई थीं। बीएसए कार्यालय परिसर से वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद जिला समन्वयक बालिका शिक्षा सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ में प्रगति -स्वाभिमान और सफलता की ओर -दो बाल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
गत माह बस्ती में आयोजित मंडल स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से चयनित 10 बच्चों में से छह अपने जनपद के हैं। इनमें पीएम श्री विद्यालय परसा खुर्द की शीतल , केजीबीवी बांसी की काजल यादव, उच्च प्राथमिक चुरिहारी की वैष्णवी , केजीबीवी भनवापुर की अंशिका , केजीबीवी नौगढ़ की पल्लवी और कंपोजिट बेलवा लगुनही की रमा सम्मिलित हैं। इन बच्चियों को बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार के निर्देशन व महिला शिक्षिकाओं की देखरेख में भेजा गया है। इस दौरान मीना मंच के जनपदीय नोडल पशुपतिनाथ दूबे सहित अभय श्रीवास्तव,शिवम, गीता, शीला, अभिषेक मिश्र, शैलेंद्र राय, मिथिलेश सिंह, अरुण त्रिपाठी उपस्थित रहे।





