थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे बनबसा गौरीपुर निवासी महेंद्र मौर्य पुत्र स्वर्गीय राम जोर मौर्य किसी काम से जामो आए हुए थे। सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे लोगों ने बिना देखे अचानक गेट खोल दिया। तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार महेंद्र का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले गेट से टकरा गए।
टक्कर लगने के बाद महेंद्र सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार उनके ऊपर चढ़ गई, जिससे उन्हें अंदरूनी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को कार का बोनट उठाकर बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने घायल महेंद्र को तत्काल ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, युवक को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि जिस वाहन से महेंद्र को चोट पहुंची, उसे कब्जे में ले लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों कारों के नंबर कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के पास मौजूद हैं, जो जांच में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने जानकारी दी कि मामला संज्ञान में है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।





