बाराबंकी। जिलाधिकारी के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार की मंशानुरूप समाज कल्याण विभाग द्वारा पीएल मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, सागर इंस्टीट्यूट ऑफ कॉलेजेज में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया गया। गौरतलब है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा स्कूल/कालेजों में जागरूकता पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित जा रहे हैं, इसी श्रृंखला में पीएल मेमोरियल कालेज में बड़ी संख्या में छात्रों को बाराबंकी को नशामुक्त करने तथा स्वयं को नशा से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ नीलम सिंह के मुख्यातिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएल मेमोरियल कालेजज के प्रबंधक सुनील झुनझुनवाला ने की। बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान के अध्यक्ष समाजसेवी रत्नेश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा विषय विशेषज्ञ के रूप में छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए सम्बोधित किया। कालेज के प्राचार्य डॉ एसपी द्ववेदी ने छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई। वहीं प्रबन्धक सुनील झुनझुनवाला ने नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया। लोक गायक जमुना प्रसाद कनौजिया ने नशामुक्ति गीत के द्वारा छात्रों को प्रेरित किया।
ब्रम्हा कुमारीज के समाज सुधारक अनुभव गुप्ता ने मन पर विजय के टिप्स बताते हुए नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कालेज की फैकल्टी डॉ पूजा, डॉ राहुल सिंह ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के प्रधान सहायक सुबोध श्रीवास्तव, प्रधान सहायक, सहायक विकास अधिकारी शशिवेंद्र सिंह, कार्यालय से समरेन्द्र सिंह, पर्यवेक्षक रईशुल हसन सिद्दीकी, अधीक्षक मिथलेश कुमार सिंह, आनंद पथ नशामुक्ति केंद्र से विनोद कुमार सहित सागर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के लगभग 300 की संख्या में छात्रों ने कार्यक्रम में भाग लिया और नशे से दूर रहने की शपथ ली।





