सीबीएसई सीटीईटी एग्जाम संपन्न हो चुका है। देशभर में दो सेंटर्स को छोड़कर परीक्षा संपन्न हो गई है। बिहार के दो केंद्रों पर परीक्षा अपरिहार्य कारणों के चलते आयोजित नहीं हो सकी। इन सेंटर्स के लिए एग्जाम 15 दिनों के भीतर दोबारा करवाया जायेगा।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET Feb 2026) का आयोजन 7 एवं 8 फरवरी को देशभर के 140 शहरों में करवाया गया है। एग्जाम संपन्न होने के साथ ही सीबीएसई की ओर से किये गए ट्वीट के मुताबिक के बिहार के दो परीक्षा केंद्रों पर पेपर 2 का आयोजन नहीं किया जा सका है। जो छात्र इस शिफ्ट की परीक्षा के लिए प्रभावित हुए हैं उनके लिए 15 दिनों के अंदर दोबारा एग्जाम का आयोजन करवाया जायेगा।
सीबीएसई ने किया ट्वीट
सीबीएसई द्वारा किये गए ट्वीट के अनुसार “देशभर में सीटीईटी के 1803 परीक्षा केंद्रों में से, पेपर-2 का आयोजन 1801 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक किया जा चुका है। हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण वैशाली (हाजीपुर) के 2 केंद्रों (125016 – सेंट जॉन अकादमी, बासमती नगर और 125014 – लक्ष्य इंटरनेशनल अकादमी) पर पेपर-2 की परीक्षा नहीं हो सकी। इन 2 केंद्रों पर आवंटित उम्मीदवारों की पुनर्परीक्षा 15 दिनों के भीतर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम संबंधित उम्मीदवारों को अलग से सूचित किया जाएगा। इन उम्मीदवारों को हुई असुविधा के लिए खेद है।”
एग्जाम संपन्न होने के बाद ही जारी होगी आंसर की
सीबीएसई की ओर से अब दो सेंटर्स के लिए री-एग्जाम संपन्न होने के बाद ही प्रोविजनल आंसर की जारी की जा सकती है। उत्तर कुंजी जारी होने के बाद परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवार अपने प्रश्न उत्तरों का मिलान कर सकेंगे। किसी उत्तर से संतुष्ट न होने पर उस पर तय तिथियों के अंदर आपत्ति भी दर्ज कर पाएंगे। अभ्यर्थियों का रिजल्ट फाइनल आंसर की को ध्यान में रखकर घोषित होगा।





