चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के आयुक्त अजीत सिंह ने जनपद हमीरपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में 52 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो प्रत्येक कार्यदिवस में निर्धारित स्थान पर बैठक नोटिस की सुनवाई कर रहे हैं। वर्तमान में जनपद में 1015 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 1015 बीएलओ एवं 102 बीएलओ सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए। यदि किसी मतदाता द्वारा अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण फार्म भरा जाता है तो उससे संपर्क कर सही तरीके से फार्म पूर्ण कराया जाए। उन्होंने प्रत्येक इंटर कॉलेज एवं डिग्री कॉलेज में विशेष शिविर आयोजित कर युवा मतदाताओं के फार्म प्राप्त करने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालय स्तर पर प्रतिदिन मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित कराने तथा सभी पात्र नागरिकों के फार्म संग्रहित कराने को कहा गया।
नो मैपिंग श्रेणी में दर्ज मतदाताओं की सुनवाई को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा गया कि मतदाताओं को अधिक दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए बड़े मतदान केंद्रों पर ही सुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुनवाई स्थलों पर स्वच्छ पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में भाजपा प्रतिनिधि लक्ष्मीरतन साहू ने बताया कि बीएलओ द्वारा पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जा रहा है।
बैठक के उपरांत आयुक्त द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हमीरपुर का निरीक्षण किया गया और बीएलओ से प्राप्त फार्मों एवं नोटिस वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।





