महोबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश में सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम के अंतर्गत यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने हेतु ‘नो हेलमेट–नो फ्यूल’ अभियान के तहत यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह द्वारा यातायात पुलिस टीम एवं एआरटीओ दयाशंकर के साथ संयुक्त रूप से प्रवर्तन कार्यवाही की गई।
इस दौरान टीम द्वारा विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते हुए फ्यूल भरवाने आने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात प्रभारी द्वारा बताया गया कि हेलमेट का प्रयोग न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं में जीवन रक्षा का एक महत्वपूर्ण साधन भी है। आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार की संयुक्त कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके एवं जन-सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





