महराजगंज। सिसवा विधानसभा क्षेत्र को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने सिसवा को तहसील बनाए जाने की मांग को लेकर सिसवा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में अपना स्पष्ट समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सिसवा क्षेत्र की जनता, छात्र, युवा वर्ग और व्यापारी लंबे समय से लोकतांत्रिक तरीके से इस मांग को उठा रहे हैं, जो पूरी तरह जायज है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सिसवा एक बड़ा व्यावसायिक केंद्र होने के साथ-साथ घनी आबादी वाला क्षेत्र है, बावजूद इसके वर्षों से यहां की जनता बुनियादी प्रशासनिक सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में सिसवा की जनता उन्हें विधायक चुनती है और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो सिसवा बाजार को तहसील का दर्जा अवश्य दिलाया जाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में सांसद से लेकर विधायक तक भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद सिसवा तहसील नहीं बन सकी, जो जनता की उपेक्षा को दर्शाता है। शुक्ल त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर विकास योजनाएं जनभागीदारी से लागू करेगी और आम जनता को त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।





