गोण्डा 07 जनवरी बुधवार को उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही का जनपद में आगमन हुआ। उनके आगमन पर अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अनुसार, उन्होंने सर्वप्रथम सर्किट हाउस में महिलाओं की समस्याओं की जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 03 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करा दिया गया। प्रकरणों में घरेलू विवाद, उत्पीड़न, पारिवारिक कलह एवं अन्य सामाजिक समस्याएं शामिल रहीं। आयोग की सदस्य ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए तथा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके उपरांत श्रीमती शाही द्वारा विकास खण्ड झंझरी स्थित जिला ग्राम्य विकास संस्थान में चल रहे नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 07 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मातृ-शिशु देखभाल से संबंधित कार्यों को पूरी निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया तथा कार्य करने के बेहतर तरीके भी बताए। इसके पश्चात आयोग की सदस्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र काजीदेवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैनात कार्मिकों की स्थिति, लैब, सैम्पल कलेक्शन कक्ष, एक्स-रे कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, टीकाकरण स्टाल, प्रसव कक्ष, परामर्श कक्ष एवं ऑपरेशन थिएटर का गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के साथ-साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जिला कारागार में महिला बैरक, जिला महिला चिकित्सालय तथा वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, दीपशिखा शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





