अलीगढ़। कृषि उत्पादन मण्डी समिति धनीपुर के फल व्यापारियों के हित में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल करते हुए बकाया प्रीमियम धनराशि जमा करने के लिए जनवरी 2026 तक अंतिम समय प्रदान किया है। मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में मण्डी समिति धनीपुर के 23 फल व्यापारियों द्वारा दुकान आवंटन के सापेक्ष जमा की जाने वाली प्रीमियम धनराशि पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन व्यापारी हितों के प्रति संवेदनशील है, किंतु निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया धनराशि जमा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन 23 व्यापारियों पर कुल रुपया 70.62 लाख की अवशेष प्रीमियम धनराशि बकाया है, वे इसे जनवरी 2026 तक हर हाल में जमा करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयावधि में धनराशि जमा नहीं की गई तो मण्डी समिति धनीपुर द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप निदेशक प्रशासन एवं विपणन मण्डी परिषद राजेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि दुकान आवंटन के सापेक्ष रुपया 338.24 लाख की प्रीमियम धनराशि निर्धारित थी, जिसके सापेक्ष अब तक रुपया 267.62 लाख जमा की जा चुकी है, जबकि रुपया 70.62 लाख अभी शेष है।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों के निस्तारण के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा, लेकिन समयबद्ध भुगतान से ही व्यवस्था को सुचारू रखा जा सकता है। व्यापारियों ने भी बैठक में सकारात्मक रुख दिखाते हुए निर्धारित समय में बकाया राशि जमा करने का भरोसा दिलाया। यह निर्णय व्यापारियों को राहत देने के साथ-साथ मण्डी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक संतुलित कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम वित्त प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट डॉ0 अतुल कुमार गुप्ता, शिव प्रताप सिंह फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी, नवरत्न फ्रूट कंपनी, राधे फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी, गोविंद फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी, रमेश चंद्र फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी, बीडी फ्रूट कंपनी, इंडियन फ्रूट कंपनी समेत अन्य कम्पनियों से फल व्यापारी उपस्थित रहे।





