हजपुरा, अंबेडकरनगर सम्मनपुर थाना क्षेत्र के नैली गांव के पास लोहरा मोड़ पर रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मामा और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी अतुल अपने 10 वर्षीय भांजे प्रियांशु निवासी चनहा पकड़ी, थाना अहिरौली को बाइक पर बैठाकर हजपुरा गांव में अपने मौसी के घर जा रहा था।
जैसे ही उनकी बाइक नैली गांव के पास लोहरा मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मामा-भांजा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां पर बालक प्रियांशु की मौत हो गई मामा अतुल की हालत नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





