क्षेत्रीय व साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से रुपया वापसी हुआ संभव
इटवा सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए लगभग 21 लोगों को उनके लगभग छः लाख रुपये वापस मिल गए हैं। इटवा थाना में साइबर सेल टीम की त्वरित कार्रवाई के बाद यह राशि पीड़ितों के खाते में लौटाई गई।
इटवा थाना क्षेत्र के भावपुर निवासी साहिल रज़ा, संतोष विश्वकर्मा, सतीश व भूजे आदि ने साइबर धोखाधड़ी की शिकायत 1930 हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद साइबर सेल टीम ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में, साइबर सेल टीम की सक्रियता से लोगों के खाते में ठगी के लगभग छः लाख रुपये सफलतापूर्वक वापस कराए गए।
पीड़ितों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों और साइबर सेल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
सीओ पुलिस पवीन प्रकाश इटवा ने बताया कि इन लोगों ने 1930 पर कॉल करने के बाद थाने में भी सूचना दी थी। उन्होंने लोगों से लेनदेन करते समय सतर्क रहने और साइबर ठगों से बचने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक इटवा रवीन्द्र सिंह व साइबर सेल का कार्यभार देख रहे सतीश गौड़ आदि का पीड़ितों में साहिल रज़ा, संतोष विश्वकर्मा, सतीश व भूजे आदि ने आभार व्यक्त किया। इस पुलिसिया कार्य की लोगों ने खूब प्रशंसा की है।





