महोबा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फसल बीमा की समीक्षा बैठक आहूत की गई। समीक्षा बैठक में बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि अब तक रबी 2025 में 23352 बीमा पॉलिसी पोर्टल पर प्राप्त हुई हैं। डीएम द्वारा उपस्थित अग्रणी जिला प्रबन्धक, इण्डियन बैंक व समस्त जिला समन्वयक बैंको को निर्देशित किया गया कि 31 दिसम्बर 2025 तक समस्त किसान क्रेडिट कार्ड धारकों का प्रीमियम काटकर फसल बीमा पोर्टल पर विवरण दर्ज करा दिया जाये। उपस्थित जिला प्रबन्धक जनसेवा केन्द्र को निर्देशित किया गया कि जो भी गैर ऋणी कृषकों द्वारा फसल बीमा जनसुविधा केन्द्र के माध्यम से कराया जाए उन अभिलेखों की सघन जॉच करते हुए अभिलेख पोर्टल पर अपलोड किये जाये।
यदि गलत अभिलेख अपलोड कर फसल बीमा कराया जायेगा, उनका उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा। जिलाधिकारी द्वारा खरीफ 2025 के फसल बीमा की समीक्षा की गयी। बीमा कम्पनी के जिला प्रबन्धक द्वारा अवगत कराया गया कि कुल ऋणी कृषकों के बीमा पॉलिसी की सं0-126042 थी, जिसमें 26632 बीमा पॉलिसियो को बैंको के पास पुनः सत्यापन के लिए भेजा गया। बैंकों से सत्यापन उपरान्त 122603 ऋणी कृषकों की बीमा पॉलिसियों को पोर्टल पर एप्रूव किय गया व 1231 बीमा पॉलिसियों को अभिलेखीय विसंगति के कारण रिजेक्ट का दिया गया। इसी प्रकार गैर ऋणी कृषकों के प्राप्त 141376 आवेदनों में से 82028 आवेदनों को तहसील से सत्यापन कराया गया एवं 11070 आवेदनों को चकबंदी विभाग से सत्यापन कराया गया तथा 46700 आवेदनों को अभिलेख कम होने व धुंधले होने या विसंगति के कारण बीमा पॉलिसी को रिवर्ट किया गया है।
सत्यापन उपरान्त 90115 आवेदनों को बीमा पोर्टल पर एप्रूव कर दिया गया एवं 51048 आवेदनों में अभिलेख गलत होने, सही अभिलेख पोर्टल पर अपलोड न किये जाने एवं अन्य कारणों से रिजेक्ट कर दिया गया है। डीएम द्वारा उप कृषि निदेशक व सम्बन्धित बीमा कम्पनी को निर्देश दिये गये कि उप कृषि निदेशक कार्यालय में हेल्प डेस्क बना दी जाये। रिजेक्टेड आवेदनों में से यदि कोई कृषक दिनांक 30.12.2025 तक अभिलेखों के साथ हेल्पडेस्क में या बीमा कम्पनी कार्यालय में आवेदन करता है तो समस्त अभिलेखों का तहसील से सत्यापन कराया जायें एवं सत्यापन में सही पाई गयी बीमा पॉलिसियों को एप्रूव कराया जाये। जिस पर बीमा कम्पनी द्वारा तत्काल कियान्वयन हेतु सहमति व्यक्त की गई।
इसके अलावा उर्वरक वितरण के सम्बन्ध में भी सहकारिता विभाग एवं समस्त उप जिलाधिकारी को टोकन वितरित कर खतौनी के आधार पर उर्वरक वितरण कराने के निर्देश दिये। उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस, अग्रणी जिला प्रबन्धक इण्डियन बैंक व बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





