Wednesday, December 17, 2025
spot_img
HomeMarqueeएक तीर से कई निशाने, भाजपा ने खेला ओबीसी दांव, अखिलेश यादव...

एक तीर से कई निशाने, भाजपा ने खेला ओबीसी दांव, अखिलेश यादव के पी डी ए को कड़ी चुनौती, पंकज चौधरी भाजपा के नये अध्यक्ष,आज होगी घोषणा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा, बसपा और कांग्रेस को घेरने के लिए भाजपा ने ओबीसी दांव खेला है। पूर्वांचल के मजबूत कुर्मी नेता और महाराज गंज के सांसद पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी पी डी ए राजनीति को कड़ी चुनौती पेश की है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए जिन पिछड़े वर्ग के नेताओं के नाम चर्चा में थे, भाजपा ने सभी नाम खारिज कर दिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नजदीक लीडर माने जाने वाले पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी का एकल नामांकन हुआ, उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रदेश अध्यक्ष के लिए हमेशा चर्चा में रहे सभी भाजपा के अपर कास्ट,ओ बी सी और एस सी समाज से ताल्लुक रखने वाले लगभग सभी बड़े नेता पंकज चौधरी के प्रस्तावक रहे हैं। हिन्दुत्व की छवि के पर्याय और देश में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में फायर ब्रांड लीडर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी भी पंकज चौधरी के प्रस्तावक है। अमेठी संसदीय क्षेत्र की सांसद रही पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी पंकज चौधरी के प्रस्तावकों में शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश की राजनीति की जानकारी रखने वाले कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा की गुजरात लाबी ने एक साथ दो तीर चलाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरी बार मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद से ही यहां ओ बी सी नेताओं को आगे करने में केन्द्रीय नेताओं खास कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका को लेकर तरह तरह की चर्चाएं होती रही हैं।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कई बार उत्तर प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की कोशिश की परंतु योगी आदित्यनाथ की फायरब्रांड छवि और संघ के सामने प्रयास सफल नहीं हो पाए। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा को 37सीटें मिलने के बाद भाजपा में अंदर खाने मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा एक बार फिर शुरू हुई परंतु योगी आदित्यनाथ जी के सामने उनके राजनीतिक विरोधियों के सभी अस्त्र नाकाम हो गये। पिछले तीन महीनों के भीतर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, और डिप्टी सी एम बृजेश पाठक ने मुख्यमंत्री के रूप में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती जी की तारीफ करके सोशल मीडिया में बराबर सुर्खियों में बने हुए हैं।

सपा के पी डी ए को जबाब देने के लिए भाजपा ने पूर्वांचल के सबसे मजबूत कुर्मी नेता और तेल व्यवसाई,कई बार के सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को संगठन की कमान सौंपी है।ओ बी सी वर्ग के वोटबैंक को अपने साथ रखने के लिए भाजपा मौर्य, राजभर और निषाद समाज के नेताओं को पहले से ही काफी आगे बढ़ा चुकी है।इस बार कुर्मी लीडर शिप को आगे करके भाजपा ने सपा और अपना दल के दूसरे गुट को जोर का झटका दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, स्मृति ईरानी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह,दारा सिंह चौहान,ए के शर्मा, कमलेश पासवान और असीम अरूण , प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी के प्रस्तावक है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रस्तावकों की टीम सबका साथ,सबका विकास और सबका विश्वास -के प्रधानमंत्री के मूलमंत्र को संगठन में भी अपनाने का संदेश दे रही है। एकल नामांकन के कारण पंकज चौधरी भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। उनके नाम की घोषणा आज होगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और एम एल सी गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी महेंद्र प्रताप पांडेय के समक्ष नामांकन की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। नामांकन का समय समाप्त होने के बाद अब केवल निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा बाकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular