सोमवार को जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित सभी योजनाओं की प्रगति की बिन्दुवार समीक्षा की गई। बैठक में सर्वप्रथम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्युतीकरण एवं फर्नीचर से संतृप्त विद्यालयों के बारे में जनपद स्तरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया एवं CSR के माध्यम से सहयोग प्रदान किए जाने हेतु अनुरोध किया गया तथा नगरीय क्षेत्रों में शौचालय एवं मूत्रालय से असंतृप्त विद्यालयों की सूची जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए अनुरोध किया गया कि उक्त विद्यालयों में नगर पंचायत /नगर पालिका आदि के माध्यम से शौचालय का निर्माण कराये जाने का अनुरोध किया गया।
समीक्षा के दौरान आरटीई योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रवेशित बच्चों की संख्या की समीक्षा की गई। बेसिक शिक्षा के अंतर्गत समेकित शिक्षा, मध्यान भोजन के अंतर्गत किचन गार्डन के बारे में समस्त शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में किचन गार्डन स्थापित किए जाएं, मौसम के अनुसार बीज की उपलब्धता हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों से संबंध बनाते हुए प्रत्येक विद्यालयों में मौसम अनुकूल बीज उपलब्ध कराया जाए जिससे किचन गार्डन विद्यालयों में स्थापित हो और छात्र/छात्राओं द्वारा उन सब्जियों के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार द्विवेदी, समस्त खंड शिक्षाधिकारी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।





