हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान’ की थीम के साथ 76वां संविधान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। भारत के संविधान को अपनाने के ऐतिहासिक दिवस के स्मरणोत्सव पर लोगों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि“न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मौलिक सिद्धांतों पर आधारित भारतीय संविधान आज भी नागरिकों के अधिकारों का सबसे बड़ा संरक्षक है, जिसका श्रेय डॉ. भीमराव अंबेडकर को जाता है।
”ब्लॉक मुख्यालय संग्रामपुर में सहायक विकास अधिकारी पंचायत लाल शशिकांत सिंह ने संविधान दिवस पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई।इंटर कॉलेज कालिकन धाम में छात्रों के बीच निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.पी. सिंह और समस्त शिक्षकगणों ने अंबेडकर की प्रतिमा पर मल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और छात्रों को संविधान के महत्व से अवगत कराया।संग्रामपुर क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों ने संविधान के मूल्यों— न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—को पुनः स्मरण कराते हुए नागरिकों को जागरूक और प्रेरित किया।





