प्रतिभागियों ने दौड़, कुर्सी दौड़ व रस्साकशी में दिखाया दमखम
मौदहा, हमीरपुर। कस्बे के ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) में समग्र शिक्षा के तहत तहसील स्तरीय दिव्यांग क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में मौदहा और मुस्करा ब्लॉक के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार कमल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के बीच दौड़, कुर्सी दौड़, रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
दौड़ प्रतियोगिता में इमरान व अनुभव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीयूष व दीपक द्वितीय और रवि व अर्चना तृतीय स्थान पर रहे।
कुर्सी दौड़ में सिलौली के अंश ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग की दौड़ में मुटनी की दिव्याशी प्रथम तथा अरतरा की राधा द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में स्पेशल एजुकेटर मयंक कुमार, अजीत सचान, मनोज तिवारी, हरिराम समेत कई शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। विजयी प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।





