रॉयल इंटरनेशनल स्कूल में विशेष जागरूकता गोष्ठी की गई आयोजित
महोबा। यातायात माह नवंबर के अंतर्गत प्रभारी यातायात सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में रॉयल इंटरनेशनल स्कूल में विशेष जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें स्कूल स्टाफ तथा छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा, हेलमेट, सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सड़क संकेतों एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन के महत्व से अवगत कराया। वहीं जिले में भी पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाते हुए यातायात नियमों के बावत जानकारी दी साथ ही स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देकर लोगों को जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने के लिए यातायात माह नवंबर के अंतर्गत विशेष जन जागरूकता अभियान सतत रूप से संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत प्रभारी यातायात के नेतृत्व में टीम ने रॉयल इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों, स्टाफ में और अधिक जागरूकता लाने को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में यातायात प्रभारी ने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना अवश्यक है, क्योंकि नियमों के तहत किया कोई भी कार्य कभी असफल नहीं होता है। कहा कि वाहन चलाने से पहले यातायात नियमों की जानकारी होना चाहिए, जिसके लिए यातायात पुलिस नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
इस मौके पर स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रस्तुति तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अधिक सुढ़ हुई। उधर जिले में पुलिस टीमों ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड आदि जगहों पर यातायात नवम्बर माह के तहत गोष्ठी का आयोजन किया, जहां पर यातायात पुलिस कर्मियों ने आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए, जिसमें सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन तथा ओवरलोडिंग के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करें एवं सुरक्षित यात्रा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। इस मौके पर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष नियाज मोहम्मद, अलताफ हुसैन सहित विद्यालय का तमाम स्टाफ मौजूद रहा।





