गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रधानमंत्री सूर्यधर मुफ्त बिजली योजना की बैठक सम्पन्न हुई। इस योजनान्तर्गत आमजनमानस के घरों में सोलर पावर प्लान्ट की स्थापना की जाती है जिससे आमजनमानस के विद्युत बिलों में कमी आती है। प्रति 01 कि.वा. संयंत्र की स्थापना में लगभग रू.60000/-की लागत आती है। 01 कि.वा. संयंत्र की स्थापना में 45000/-रूपये, 02 कि.वा. संयंत्र की स्थापना में 90000/-रूपये तथा 03 कि.वा. संयंत्र की स्थापना के लिए 108000/-रूपये की सब्सिडी प्राप्त होती है। इस योजना का लाभ पाने हेतु लाभार्थी के पास वैध (विद्युत बिल बकाया न हो) विद्युत कनेक्शन अनिवार्य है। सोलर पावर प्लान्ट (संयंत्र) को अपने-अपने घरों में स्थापित कराये जाने के लिए लाभार्थियों को बैंकों द्वारा ऋण भी उपलब्ध कराया जाता है।
जिलाधिकारी, महोबा द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारीगणों यथा अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका परिषद महोबा, चरखारी एवं नगर पंचायत कुलपहाड़, खरेला/अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत विभाग/अग्रणी जिला प्रबन्धक, इण्डियन बैंक/क्षेत्रीय प्रबन्धक, आर्यावृत्त बैंक एवं उक्त योजनान्तर्गत पंजीकृत सभी वेण्डर्सों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में उक्त योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराया जाये। इसके अतिरिक्त परियोजना अधिकारी, यूपी नेडा, महोबा को निर्देशित किया गया कि जनपद में आयोजित होने वाले तहसील दिवसों थाना दिवसों में प्रधानमंत्री सूर्यधर मुफ्त बिजली योजना का स्टॉल/कैनोपी लगाते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार समस्त अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समस्त पार्षदों को योजना से अवगत कराते हुए जनसामान्य में उक्त योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये। इसके अतिरिक्त उपायुक्त, उद्योग एवं प्रोत्साहन केन्द्र, महोबा के माध्यम से व्यापार मण्डल एवं उद्योग बन्धुओं तक उक्त योजना का प्रचार-प्रसार कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। उपायुक्त, स्वतः श्रम रोजगार, महोबा को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम रोजगार सेवकों के माध्यम से उक्त योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में जिला पंचायतराज अधिकारी, महोबा को निर्देशित किया गया कि अपने स्तर से ग्राम प्रधानों/ग्राम सचिवों के माध्यम से उक्त योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को उक्त योजनान्तर्गत नेट मीटरिंग की प्रकिया तीव्र करने एवं बिजली के बिलों में पायी गयी त्रुटियों को शीघ्र अतिशीघ्र सही कराये जाने के निर्देश दिये गये। उक्त योजना की अधिक जानकारी प्राप्त किये जाने हेतु परियोजना अधिकारी यूपी नेडा, महोबा के दूरभाष संख्या 9415609039 एवं कलैक्ट्रेट महोबा में स्थापित कन्ट्रोल रूम नं. 05281-298431 पर सम्पर्क किया जा सकता है।





