महोबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने यातायात माह नवंबर के तहत विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।जनपदीय यातायात पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अतिरिक्त बड़े वाहनों जैसे ट्रैक्टर-ट्राली आदि पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए, जिससे वे रात्रि के दौरान सड़क पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए, जिसमें सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन तथा ओवरलोडिंग के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया।
यातायात माह के रोस्टर के अनुरूप, यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही भी की जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनपद में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले और लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़े।
महोबा पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा में सहयोग करें।





