जालौन(उरई)। गल्ला मंडी मेंव्यापारियों की बैठक व्यापार कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रेमदास गुप्ता भूरे मामा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।बैठक में मौजूद व्यापारियों ने सर्वसम्मति से तय किया कि गल्ला मंडी में धान खरीद के लिए बाहर से आने वाले व्यापारी मंडी में जिस व्यापारी के माध्यम से फसल की खरीद करते हैं, उस संबंधित व्यापारी की जिम्मेदारी है कि वह बाहर से आने वाले व्यापारी का आधार कार्ड और अन्य आवश्यक डिटेल प्राप्त करे और उसकी कॉपी अपने फर्म के लेटरपेड पर समिति कार्यालय में जमा करें। ताकि किसानों का शोषण न हो सके। मंडी में माल खरीद से पहले बोली होती है। कोई भी बाहर का व्यापारी बोली होने से पहले न तो किसान का माल देखेगा और न ही परखी लगाएगा। यदि ऐसा करता पाया जाता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। बाहर का व्यापारी बिना आढ़ती के सीधे किसान का माल नहीं खरीदेगा।
किसान का माल आढ़ती के माध्यम से ही खरीदा जाएगा। यदि उल्लंघन होता है तो ऐसा माल मंडी में तौला नहीं जाएगा और माल वापस कर दिया जाएगा। साथ ही व्यापारी पर जुर्माना लगाया जाएगा। मंडी में साप्ताहिक बंदी का दिन भी सोमवार को निर्धारित किया गया है, उसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा। कोई भी आढ़ती मंडी गेट के बाहर किसी भी किसान की ट्रॉली पर नहीं जाएगा, किसान संबंधित आढ़त पर पहुंचकर ही अपना माल बेच सकेगा। एक बार बिक चुकी ट्रॉली को कोई ओवर रेट करके खरीदने का प्रयास न करे। यदि ऐसा होता है तो समिति की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर श्यामू गुर्जर, मोहन सिंह कुशवाहा, पुष्पेंद्र सिंह, अनंत गुप्त, मानसिंह वर्मा, बाबा तिवारी, बबलू कैलोर, अंशुल सक्सेना, लालू गुप्त, संदीप दीक्षत, मनोज गुप्त, अनंत पांडे, डब्बू सोनी, रामकेश साहू, शिवाजी गुर्जर, रामू गुप्ता, पप्पू अग्रवाल, वीरेंद्र कुशवाहा, संजय मिश्रा, शाहिद, अनस, संतराम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।





