शहर के चर्चित क्षेत्र दालमंडी में आज शनिवार को दोपहर बाद पीडब्ल्यूडी की टीम ने दूसरी दुकान काे तोड़ना शुरू कर दिया। इस दाैरान दर्जनों की संख्या में पुलिस तैनात रही। सुरक्षा के बाबत दालमंडी जाने वाला रास्ता रोक दिया गया था। दालमंडी में 29 अक्तूबर के 10 दिन बाद यानी 8 नवंबर को एक बार फिर प्रशासन का हथाैड़ा चला। करवाई होते देख मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गया। वहीं प्रशासन द्वारा चौक थाने के बगल से दालमंडी में प्रवेश के रास्ते में बल्ली लगाकर रास्ता रोक दिया था।
राकेश और दीपक की दुकान से सटे विजय,कल्लू और भोला चाैरसिया की शाॅप को तोड़ा गया। बता दें कि बीते 29 अक्तूबर को पीडब्ल्यूडी ने दालमंडी चौड़ीकरण योजना की शुरुआत कर दी थी। दालमंडी के एक मकान को तोड़ा गया था। 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी और आरएएफ के जवानों की मौजूदगी में हथौड़ा और ड्रिल मशीन चलाकर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। चौड़ीकरण की जद में आने वाले चौक थाने की बैरक का कुछ हिस्सा भी तोड़ा गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने बिजली काटकर ड्रोन से निगरानी की। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल देखकर दालमंडी में भीड़ एकत्र हो गई थी।





