डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति अभियान के तहत हुआ जागरूकता कार्यक्रम

0
335

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पंचायत भारत भारी क्षेत्र स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मेमोरियल इंटर कॉलेज, बढ़नी कोल्ड स्टोरेज में शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा, सुरक्षा अधिकारों तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर महिला चौकी प्रभारी डुमरियागंज एसआई मीरा वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय एवं कॉलेज में पुलिस विभाग द्वारा लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि बालिकाएं न केवल आत्मनिर्भर बनें, बल्कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान एसआई वीरेंद्र, एसआई राम निरंजन, महिला कांस्टेबल रेनू ने भी छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला सहायता नंबर जैसी सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से कोई भी महिला या बालिका तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती है। महिला चौकी प्रभारी मीरा वर्मा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए और उनसे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने इस तरह के कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि समाज में सुरक्षा, सम्मान और समानता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके। इस दौरान होम गार्ड जितेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here