शताब्दी वर्ष के मौके पर शोहरतगढ़ खंड के डोहरिया मंडल की ओर से निकाला गया संचलन
संचलन से पहले विभाग प्रचारक का स्वयंसेवकों को प्राप्त हुआ पाथेय
शताब्दी वर्ष की यात्रा पर डाला प्रकाश, गौरवान्वित महसूस कर रहे स्वयंसेवक
शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शताब्दी वर्ष के मौके पर सोमवार को दोपहर बाद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालय से भारत- नेपाल सीमा क्षेत्र खुनुवां बाजार में पथ संचलन निकाला। यह संचलन शोहरतगढ़ खंड के डोहरिया मंडल की ओर से पहली बार सीमा पर आयोजित किया गया। संचलन से पूर्व विभाग प्रचारक राजीव नयन का स्वयंसेवकों को पाथेय प्राप्त हुआ। उन्होंने शताब्दी वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डाला और कहा कि इस यात्रा में शामिल स्वयंसेवक गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
विभाग प्रचारक ने कहा कि संघ बढ़ते – बढ़ते 100 वर्ष की यात्रा को पूरी कर चुका है। भारत देश शक्ति के बल पर दुनिया में पूजा जाता है। वह शक्ति ज्ञान व संस्कृति है, जो दुनिया को भारत की शक्ति का बोध कराती है। प्रभु राम के आदर्शों व स्वामी विवेकानंद के विचारों को समाज के भीतर पहुंचाने के लिए संघ का स्वयंसेवक शतत साधना कर रहा है। संघ को पांच पीढ़ियां ने त्याग कर खड़ा किया है। तमाम प्रकार की आपदाएं आई, इसके बाद भी नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमि… नित स्वयंसेवक बोलता रहा। उन्होंने कहा कि संघ का स्वयंसेवक समाज के भीतर राष्ट्र भक्ति की गारंटी के साथ खड़ा होता है।
आज भारत – नेपाल सीमा के खुनुवा बाजार में संचलन निकाल कर स्वयंसेवक समाज के राष्ट्र भक्ति भरने का कार्य कर रहा है। इससे निश्चित ही सीमावर्ती क्षेत्र में देश के प्रति ऊर्जा का संचार होगा। बौद्धिक खत्म होने के बाद स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज लेकर संचलन निकाला। यह संचलन सरस्वती विद्यालय से निकलकर कस्टम कार्यालय, नो मेंस लैंड, वापस कस्टम कार्यालय, पुराना एसएसबी कैंप, बगहवा मोड़, वापस विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान जिला प्रचारक विशाल, कृष्ण पाल चौधरी, पंकज श्रीवास्तव, ऋषि वर्मा, चंद्रशेखर सिंह, संतोष सिंह, नरेंद्र पांडेय, शुभम शर्मा, अमित रावत, बुद्ध सागर, अरूणेश मणि त्रिपाठी, सुजीत अग्रहरि आदि स्वयंसेवक चौकी प्रभारी खुनुवा वीरेन्द्र पासवान मौजूद रहें।





