मां दुर्गा के जयकारे के साथ नवरात्रि के शुभारंभ पर स्थापित हुई मूर्ति
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। नवरात्रि के शुभारंभ पर डुमरियागंज क्षेत्र में सोमवार को शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व धूमधाम से शुरू हो गया है। प्रथम दिवस पर मंदिरों, घरों और सार्वजनिक पंडालों में घटस्थापना के साथ मां दुर्गा की मूर्ति स्थापना के उपरांत पूजा-अर्चना का श्रीगणेश किया गया। नौ दिनों तक चलने वाले इस व्रत और पूजन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सुबह से ही क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया। लोग पवित्रता के साथ व्रत रखकर फलाहार का सेवन कर रहे हैं। मंदिरों में मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि दस दिनों की है, जिसका धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व माना जाता है।स्थानीय निकट थाना प्रांगण व बैदौला चौराहे पर नवरात्रि के पहले दिन से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी।
जहां पर पुजारी पंडित राकेश शास्त्री महाराज ने पूजन कार्य संभाला । इस दौरान क्षेत्र में सजी सामग्री की दुकानो पर भक्तगण पूजन सामग्री खरीदकर माता की पूजा कर रहे हैं। यहां अगले नौ दिनों तक भक्तों का तांता लगा रहेगा। इसी प्रकार, क्षेत्र के ऐतिहासिक सिद्ध पीठ मां बटवासिनी गालापुर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिर के व्यवस्थापक ने विधि-विधान से नवग्रह बनाकर पूजा-अर्चना कराई और श्लोकों के साथ माता दुर्गा की पूजा की।
यजमान पीत वस्त्र धारण कर पूजा में शामिल हुए। यह पूजा सुबह और शाम, दोनों समय होगी। वहीं नवरात्रि के दौरान शहर सहित पूरे क्षेत्र में चहल-पहल बनी रहेगी। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास से सराबोर रहेगा।





