जलालपुर, अंबेडकरनगर सम्मनपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मामले में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बसखारी थाना क्षेत्र के मोतिगरपुर गांव का रहने वाला अभिषेक यादव मंगलवार शाम करीब सात बजे घर से बाइक लेकर किसी कार्य के लिए निकला था। रात करीब दस बजे मलपुरा- सतरही के बीच पहुंचने पर बाइक सवार को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने देखते ही युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही युवक के स्वजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो_ रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि बाइक सवार शराब के नशे में था। जिससे वह अनियंत्रित होकर बाइक चला रहा था। पुलिस ने मृतक के पिता त्रिवेणी प्रसाद यादव की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया है। सम्मनपुर प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बातया कि दुर्घटना की सूचना पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया। बाइक सवार की मौत के बाद मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।





