संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बौलहा गाँव के निवासी शुभम यादव लगातार झूठी शिकायतों से परेशान हैं। आरोप है कि गाँव के ही सियाराम यादव पिछले कई महीनों से उन पर झूठे और आधारहीन आरोप लगाकर पुलिस व प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं।
शुभम यादव ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी अमेठी को लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि उन्होंने अपनी ही भूमि गाटा संख्या 225अ,225ब पर बंटवारा कराकर सीमांकन कराया और खेत में सुरक्षा के लिए सीमेंट के छोटे-छोटे खंभे व तार लगवाए। लेकिन इसके बाद सियाराम यादव बार-बार शिकायत दर्ज कराते हुए झूठा विवाद खड़ा कर रहे हैं।
शुभम यादव ने आरोप लगाया है कि सियाराम यादव आए दिन धमकी देते हैं कि वह खेत से खंभे उखाड़ देंगे और जान से मार देंगे। इस कारण वह और उनका परिवार भय के साए में जी रहे हैं।
गौरतलब है कि जुलाई माह से लगातार सियाराम यादव की ओर से पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग में शिकायतें दी जा रही हैं।आरोप लगाया गया कि शुभम यादव ने उनकी बाग में सीमेंट के पोल गाड़ दिए हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि शुभम यादव ने केवल अपनी फसल को पशुओं से बचाने के लिए सीमांकन पर खंभे लगवाए हैं।
पुलिस कई बार मौके पर जाकर समझा भी कर चुकी है, मगर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। शुभम यादव ने उपजिलाधिकारी से प्रार्थना पत्र के माध्यम से मांग की है कि उनकी भूमि पर हो रहे जबरन हस्तक्षेप और झूठी शिकायतों पर रोक लगाई जाए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।





