हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बुधवार को मुख्य सेविकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राठ विधायक मनीषा अनुरागी ने की, जबकि जिलाधिकारी घनश्याम मीना विशेष रूप से मौजूद रहे।
महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जनपद की 18 नव चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान लखनऊ लोक भवन में प्रदेश स्तर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 2425 मुख्य सेविकाओं को संबोधित किया।
विधायिका मनीषा अनुरागी ने सभी नव नियुक्त सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभाशाली व ऊर्जावान महिलाओं के जुड़ने से विभागीय योजनाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में केवल प्रतिभा व कौशल के आधार पर ही रोजगार दिए जा रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आगे आ रही हैं, जो गौरव की बात है।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि महिला कल्याण विभाग का कार्य छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ा है। लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही मुख्य सेविकाओं की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने नव चयनित सेविकाओं को कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील पाठक, नगरपालिका हमीरपुर के चेयरमैन कुलदीप निषाद, सीडीओ अरुण कुमार सिंह, कार्यक्रम अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।