कांग्रेसजनों ने जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
मौदहा (हमीपुर)। कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण और पौधारोपण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्टेशन रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष हाजी शमशुद्दीन उर्फ बच्चू पालीवाल के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर शहजादा चिश्ती ने राजीव गांधी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारत को सूचना प्रौद्योगिकी और पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से नई दिशा दी। इस दौरान मोहम्मद शहजादा चिश्ती, तबीब खान, जाकिर उर्फ बब्बन, शाहिद अली, आशाराम अहिरवार सहित दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।
वहीं नगर के मोहल्ला हुसैनगंज में कांग्रेस नगर अध्यक्ष अहमद हसन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विवेक चंद्र, मुन्ना बार्डर, शफकत उल्ला राजू, इमामुद्दीन, इस्लाम सभासद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





