150 वाहनों के चालान, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप
मौदहा (हमीपुर)। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को यातायात प्रभारी हार्वेंद्र सिंह के नेतृत्व में कस्बे में बड़े पैमाने पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक चालान किए गए।
बड़ा चौराहा से मलिकुआ चौराहा तक यातायात टीम ने ओवरलोड सवारी ढो रहे ऑटो, ई-रिक्शा और बाइक पर दो से अधिक सवारियों को रोककर चालान किया। साथ ही चार पहिया वाहनों की भी गहन जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक चेकिंग से बचने का प्रयास करते नजर आए।
यातायात प्रभारी हार्वेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को कुल 150 वाहनों के चालान किए गए। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आमजन को संदेश दिया गया कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए ही वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और कानून-व्यवस्था मजबूत हो।





