नौतनवा (महराजगंज)। जिले में यूरिया खाद की किल्लत किसानों को लगातार परेशान कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के जिले के गहन दौरे और समितियों पर की गई जांच के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
जिन समितियों पर यूरिया पहुंच रहा है, वहां भोर से ही किसानों की लंबी कतारें लग जा रही हैं। इन कतारों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। जिलाधिकारी के आदेश के बाद समितियों से केवल पंजीकृत किसानों को ही खाद दी जा रही है, लेकिन भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही। मंत्री ने एक से अधिक बार यूरिया लेने वालों की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
कृषि मंत्री का दावा है कि महराजगंज को प्रदेश में सर्वाधिक यूरिया खाद उपलब्ध कराया गया है, लेकिन किसानों को अब भी लाइन में लगकर इंतज़ार करना पड़ रहा है। निजी दुकानों पर खाद की उपलब्धता न होने से हालात और भी खराब हो गए हैं।कुल मिलाकर, किसानों की परेशानी बनी हुई है और यूरिया संकट पर सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।





