सुबह 6 बजे से दिन में 9 बजे तक चलाया गया वृक्षारोपण अभियान
महोबा। वननेस वन परियोजना अभियान के तहत संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में सुबह 6 बजे से 9 बजे तक संत निरंकारी मिशन के सेवादल सदस्यों एवं अनुयायियों द्वारा मोक्ष धाम राठ रोड महोबा में संचालक हेमराज एवं शिक्षक राम सेवक के नेतृत्व में रविवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जहां पर भारी संख्या में मौजूद लोगों ने पौध रोपण किया।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा वननेस वन परियोजना के पांचवें चरण का आयोजन देशभर के 600 से अधिक स्थलों पर पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। संत निरंकारी मंडल के सचिव, जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि वननेस वन अभियान केवल हरियाली फैलाने की पहल नहीं है, बल्कि यह प्रकृति से जुड़ाव, मानवीय उत्तरदायित्व और सह.अस्तित्व की भावना को सुदृढ़ करने का एक समर्पित प्रयास है।
उन्होने बताया कि वर्ष 2021 में आरंभ हुआ यह अभियान अब ऐसे हरे.भरे वृक्षों में परिणत हो चुका है, जो लघु वनों का स्वरूप ले चुके हैं। इन वनों में प्रवासी पक्षियों की वापसी और जैव विविधता का पुनरुत्थान यह प्रमाणित करता है कि यह प्रयास केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि प्रकृति के पुनर्जीवन का माध्यम भी बन चुका है। वननेस वन परियोजना प्रकृति, सेवा और सह.अस्तित्व का एक जीवंत आंदोलन है। यह अभियान भविष्य की पीढ़ियों को हरीतिमा से समृद्ध वातावरण देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
रोपे गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का यह संकल्प उन्हें घने, स्वावलंबी वनों में परिवर्तित करने की दिशा में एक ठोस कदम है जिससे आने वाली पीढ़ियां भी इस सजीव विरासत से लाभान्वित हों सकेंगी। सतगुरु की छाया में वननेस वन, का यह अभियान सेवा, समर्पण और प्रकृति प्रेम की वह साधना है।