कुलपति ने एंटी रैगिंग सप्ताह(12–18 अगस्त)का किया शुभारंभ
सैफई,इटावा। हर वर्ष 12 अगस्त को राष्ट्रीय रैगिंग विरोध दिवस मनाया जाता है।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय,सैफई में एंटी रैगिंग समिति के तत्वावधान में राष्ट्रीय रैगिंग विरोधी दिवस का आयोजन किया गया।मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माननीय कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह ने एंटी रैगिंग सप्ताह(12–18 अगस्त)का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एंटी रैगिंग दिवस केवल एक दिन या सप्ताह का जागरूकता अभियान नहीं है,बल्कि पूरे वर्ष बेहतर कार्यशैली के माध्यम से रैगिंग के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना,छात्रों को रैगिंग के खतरों के बारे में शिक्षित करना और संस्थान में छात्र-गुरु परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सम्मान एवं सद्भाव की संस्कृति को प्रोत्साहित करना हमारे संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।कुलपति ने छात्रों से कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे निःसंकोच अपनी बात रख सकते हैं,क्योंकि छात्र और गुरुओं के बीच सफल संवाद ही एक सशक्त पारिवारिक वातावरण का निर्माण करता है।
उन्होंने अपने सुझावों में संस्थान में मेंटर-मेंटी व्यवस्था और वेलनेस क्लिनिक की स्थापना पर चर्चा की और इसे लागू करने के निर्देश दिए।साथ ही, उन्होंने सभी संकाय सदस्यों से छात्रों के साथ आत्मीयतापूर्ण व्यवहार करने का आग्रह किया,ताकि छात्र खुलकर अपनी बात रख सकें और उनकी समस्याओं का बेहतर समाधान हो सके।एंटी रैगिंग समिति के अध्यक्ष डॉ.सोमेंद्र पाल ने कहा कि रैगिंग एक निंदनीय कृत्य है,जिसका हमारे संस्थान में कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय में हर छात्र सुरक्षित है।डॉ.पाल ने बताया कि रैगिंग के सामाजिक,शारीरिक, राजनीतिक,आर्थिक,शैक्षणिक और मनोवैज्ञानिक पहलू होते हैं,जिनके प्रति छात्रों को जागरूक करने के लिए सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।कार्यक्रम के अंत में डॉ.नंद किशोर ने सभी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का सफल संचालन एमबीबीएस के छात्र अभिषेक और एसोसिएट प्रो.डॉ.शवाना ने किया।इस अवसर पर प्रतिकुलपति प्रो.डॉ. रमाकांत,संकायाध्यक्ष प्रो.डॉ.आदेश कुमार,स्टूडेंट वेलफेयर डीन प्रो.डॉ. आलोक दीक्षित,चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ एसपी सिंह सभी संकायाध्यक्ष,संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।





