जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर के मध्यस्थता केन्द्र में मध्यस्थता अभियान के तहत दो मामलों में सुलह कराई गई, जिससे पक्षकारों के बीच लंबित विवाद शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।
पहला मामला वाद संख्या 1630/2021 से संबंधित था, जिसमें रागिनी पुत्री रामसनेही निवासी रमेड़ी और श्यामबाबू पुत्र गयाबाबू निवासी मौदहा के बीच दाम्पत्य विवाद चल रहा था। नियुक्त मध्यस्थ अधिवक्ता राजनारायण निगम द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता कर सुलह कराई गई, जिसके पश्चात दंपत्ति ने साथ रहने की सहमति व्यक्त की।
दूसरा मामला नूर आलम पुत्र जब्बार अली निवासी कुरारा और संजीव कुमार पुत्र जयशंकर निवासी फतेहपुर के मध्य चेक बाउंस विवाद से संबंधित था। इस प्रकरण में नियुक्त मध्यस्थ अधिवक्ता राजेन्द्रवीर सिंह चौहान द्वारा वार्ता कर समझौता कराया गया।
दोनों मामलों में हुई सफल सुलह पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे मध्यस्थता प्रक्रिया की सफलता बताया और दोनों अधिवक्ताओं के कार्य की सराहना की। इस पहल से यह संदेश गया कि आपसी संवाद और समझ से विवादों का समाधान संभव है।