मौदहा (हमीरपुर)/18 जून 2025: उत्तर प्रदेश में बिगड़ती विद्युत व्यवस्था, लंबी बिजली कटौती और बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने योगी सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील पर जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में 10-12 घंटे की बिजली कटौती से जनता त्रस्त है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने आम लोगों, बच्चों की पढ़ाई, पानी की आपूर्ति और व्यवसायों को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।नगर अध्यक्ष गुलाम मोहम्मद ने बताया कि बिजली कटौती से किसानों की फसलों की सिंचाई बाधित हो रही है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं और उनकी आय प्रभावित हो रही है।
उन्होंने सरकार पर बिजली दरें बढ़ाने का आरोप लगाते हुए समस्या के समाधान की मांग की।प्रदेश सचिव (छात्र विंग) आदित्य प्रजापति ने निजी कंपनियों द्वारा फर्जी मीटर रीडिंग के जरिए जनता को लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिना मीटर रीडिंग के मनमाने बिल थोपे जा रहे हैं, और सरकार इस भ्रष्टाचार पर चुप है।AAP ने सरकार से मांग की कि 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली दी जाए, फर्जी बिलों पर रोक लगाई जाए, और बढ़ी हुई बिजली दरें वापस ली जाएं।विरोध प्रदर्शन में डॉ. सुनील गुप्ता, त्रिलोक चंद्र, अत्रि यादव, अनिल विश्वकर्मा, अरविंद विश्वकर्मा, इमामुद्दीन, रवि साहू, मोहम्मद, अमित, धर्मेंद्र, मोईनुद्दीन सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।





