Saturday, March 28, 2026
spot_img
HomeNationalप्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में दिखा अपनत्व का भाव, मुख्यमंत्री धामी बोले- उत्तराखंडी...

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में दिखा अपनत्व का भाव, मुख्यमंत्री धामी बोले- उत्तराखंडी प्रवासियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई अलग पहचान

धामी बोले- नहीं बदलने देंगे राज्य का मूल स्वरूप, लैंड जिहाद व थूक जिहाद देवभूमि में बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के प्रवासियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में उत्तराखंड के लोग शीर्ष पदों पर काम कर रहे हैं। उत्तराखंड की संस्कृति अपने आप में विशिष्ट है। एक-दूसरे को जोड़कर रखती है। उत्तराखंड का कोई भी व्यक्ति किसी राज्य में बसता है तो वह संस्कृति, भाषा और संस्कार को भी लेकर जाता है। वे जहां भी निवास करते हैं वहां एक अलग परिवेश दिखाई देता है।

देहरादून में गुरुवार को आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों में रहने वाले 250 से अधिक प्रवासी उत्तराखंडी आए थे। प्रवासी उत्तराखंडियों की उपस्थिति ने अपनी ताकत का अहसास कराया और अपनत्व का भाव दिखा। सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सबसे पहले अल्मोड़ा बस हादसा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन एक नई पहल है। उन्होंने अपनी पहली विदेश यात्रा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे पहली विदेश यात्रा पर लंदन गए थे। वहां उत्तराखंड के लोगों का एक कार्यक्रम था। कार्यक्रम में महिलाएं उत्तराखंड के परिधान में सजी-धजी दिखीं। ब्रम्हकमल की टोपी भी धारण की थी। कोई कुमाऊनी, गढ़वाली तो कोई जौनसार गाना गा रहा था। तभी यह सोच वि​कसित हुई कि हमें भी ऐसा सम्मेलन करना चाहिए। ऐसे में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन पहला विशिष्ट कार्यक्रम है। यह एक ऐसा समागम है, जहां एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिलेगा। सभी प्रवासी उत्तराखंडी यहां से आंतरिक मजबूती लेकर जाएंगे।

सभी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण ​भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने पांच नवंबर 2021 को कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उसी ब्रम्ह वाक्य का कमाल है कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, पेयजल सभी क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से प्रगति कर रहा है। शहर से गांव तक सड़क बनाई जा रही है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाइन भारत का पहला ऐसा रेल प्रोजेक्ट है जो लगभग 25 किलोमीटर पहाड़ों के बीच होकर जाएगी। इस पर काम तेजी से चल रहा है। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर भी काम चल रहा है। उत्तराखंड में हवाई सेवा पर भी अधिक जोर है।

उद्योग और रोजगार हब बनेगा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में निवेश के लिए राज्य सरकार ने 30 से अधिक पॉलिसी बनाई हैं। पिछले दिनों इंवेस्टर्स समिट में तीन लाख 54 हजार करोड़ के एमओयू हुए हैं। बड़ी संख्या में ग्राउंडिंग भी हुई है। इसका उद्देश्य राज्य को उद्योग और रोजगार हब बनाना है।

प्रदेश के हर जिले में बनेगा साइंस सेंटर

उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में जनपद स्तर पर साइंस सेंटर का स्थापना किया जाएगा। उत्तराखंड साइंस टेक्नोलॉजी और रिसर्च में अग्रणी बनेगा। इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। राज्य सरकार ने विकास के साथ राज्य हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

उत्तराखंड में जल्द लागू होगा यूसीसी, लैंड जिहाद व थूक जिहाद देवभूमि में बर्दाश्त नहीं

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी जल्द लागू करेंगे। नकल विरोधी कानून के फलस्वरूप अब तक साढ़े 18 हजार से अधिक नियुक्ति हुई है। सरकार राज्य का मूल स्वरूप बदलने नहीं देगी। लैंड जिहाद व थूक जिहाद देवभूमि पर किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने गिनाई तमाम उपलब्धियां, बोले- डेस्टिनेशल प्रदेश है उत्तराखंड

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तमाम उप​लब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। उत्तराखंड डेस्टिनेशल प्रदेश है। इसके लिए सरकार ने नई फिल्म नीति बनाई है।

प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन करेगी सरकार

प्रवासियों का उत्साह और उमंग देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन करने की घोषणा की। साथ ही प्रवासियों को राज्य की विभिन्न जानकारी उपलब्ध कराने व उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए एक डेडिकेटेड वेबसाइट तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से मांगे सुझाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। प्रदेश की उन्नति और प्रगति के लिए मुख्यमंत्री ने प्रवासी सम्मेलन में पर्यटन, कृषि, बागवानी समेत विभिन्न क्षेत्रों में सुझाव मांगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular