हमीरपुर। जनपद को अपराधमुक्त और भयमुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने आपराधिक प्रवृत्ति के सात लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत इन सभी को छह महीने के लिए जिले से निष्कासित (जिलाबदर) कर दिया गया है।
जिन व्यक्तियों पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें रवींद्र कुमार भारतवंशी (सुमेरपुर), मुमताज (कुर्रा, राठ), हिमांशु गुप्ता (राठ), अपलोश उर्फ अर्पित (बरहरा, जलालपुर), आशीष (चक अमरपुरा, चिकासी), सर्वेश (गिरवर, मझगवां) और मनीष राजपूत (लींगा, राठ) शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि इन सभी की गतिविधियां समाज के लिए हानिकारक हैं और इनका स्वतंत्र रहना जनहित में नहीं है। निष्कासन की अवधि में इन सभी को हमीरपुर जनपद की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा, इन सभी को जिले से बाहर रहने की जगह का पता जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय और संबंधित थाने को देना होगा। उन्हें इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार रखने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी को एक-एक लाख रुपये की दो प्रतिभूतियां और उतनी ही धनराशि का व्यक्तिगत बंधपत्र दाखिल करना होगा। इस आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक के माध्यम से संबंधित थाना प्रभारियों को भेज दी गई है।





