हरदोई जनपद के थाना टड़ियावां क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई करीब 50 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 4 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
घटना 3 अप्रैल 2026 की है, जब बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
8 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर टड़ियावां पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल भी हुए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रियंशु वर्मा, प्रशांत शुक्ला, तुषार रस्तोगी और सचिन कश्यप शामिल हैं। साथ ही दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹24,100 नगद, करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन तथा .315 बोर तमंचा व जिंदा-खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात से पहले ये लोग रेकी भी करते थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टड़ियावां पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस खुलासे से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।





