जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
तहसील हमीरपुर (सदर) में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं और शिकायतों को सुना गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना की अध्यक्षता में और पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा की उपस्थिति में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि असंतुष्ट फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
श्री मीना ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे आम जनता को त्वरित और प्रभावी राहत मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गीतम सिंह, परियोजना निदेशक साधना दीक्षित, प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कुमार कमल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और स्थानीय कर्मचारी उपस्थित रहे।





