खमा और सतारी के विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, निशुल्क दवाओं का हुआ वितरण
महोबा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत खमा और सतारी गांव के विद्यालय व आंगनबाड़ी में स्वस्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 187 बच्चों का पंजीयन कराने के बाद बाद स्वास्थ्य टीम ने उनका चेकअप किया, इसके बाद आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाओं का वितरण किया। स्वास्थ्य टीम ने विद्यालय में मौजूद लोगों को एनीमिया के लक्षण व उनके उपाए की जानकारी दी साथ ही प्राथमिक विद्यालय खमा में डाक्टर ने बच्चो को तम्बाकू का सेवन होने वाले दुष्परिणाम से रूबरू कराया।
विकासखंड जैतपुर के खमा और सतारी प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्रों पर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. आरके चैरिहा के निर्देश पर सीएचसी जैतपुर अधीक्षक डाॅ. पीके सिंह की देखरेख में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ए ने उच्च प्राथमिक विद्यालय में 25 और आंगनबाड़ी केंद्र में 61 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं टीम ‘बी’ ने सतारी गांव के प्राथमिक विद्यालय में 75 और आंगनबाड़ी केंद्र में 26 बच्चों की जांच करते हुए निशुल्क दवाओं का वितरण कर स्वास्थ्य संबन्धी सलाह दी।
इस मौके पर उच्च प्राथमिक विद्यालय खमा में टीम की डाॅ. वैशाली सोनी ने कहा कि तम्बाकू, गुटखा, खैनी स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और यह कैंसर का एक प्रमुख कारण है। इससे मुख्य रूप से मुंह, गले, जीभ और पेट का कैंसर होता है। इसके अलावा, यह दांतों को सड़ाता है, मसूड़ों को कमजोर करता है, हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और निकोटीन की लत का कारण बनता है। टीम के सदस्य डॉ. पीएन शर्मा ने बच्चों में एनीमिया के लक्षण, कारण और उससे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ महेन्द्र कुमार, मधुबाला, संगीता, प्रधानाचार्य रामवीर सिंह, प्रधानाचार्य अशीता अग्रवाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रागिनी और भगवती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





