
प्रदेश के अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कोहरा छाये रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों के दौरान मेरठ, इलाहाबाद, बरेली तथा आगरा मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. वहीं, रात के तापमान में भी अधिक बदलाव नहीं हुआ. गोरखपुर तथा कानपुर मंडलों में यह सामान्य से अधिक रहा. बाकी मंडलों में यह सामान्य रहा. मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे ठण्डा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहने और जबरदस्त सर्दी बने रहने का अनुमान है. इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को ठंड के दौरान गरीब एवं बेसहारा लोगों के लिए राहत की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ठंड के दौरान निराश्रित एवं बेघर लोगों को असुविधा न हो और किसी प्रकार की शिथिलता बरदाश्त नहीं की जायेगी.
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों में गरीब एवं निराश्रित व्यक्तियों को ठंड से राहत के लिए व्यवस्था की जा रही है. इसके तहत लगभग सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था, नि:शुल्क कंबल वितरण करने के साथ रैन बसेरे स्थापित किये गये हैं.
https://www.youtube.com/watch?v=eBIyfSqbc0o





