खनऊ।उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने मंगलवार को परिषद की परीक्षाओं का परिणाम घोषित किया। परिषद की ओर से मुंशी-मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है। मुंशी में कुल 50.55, मौलवी में 49.81 कुल मिलाकर 50.16, आलिम में कुल 66.14 तथा कामिल में 74.25 और फाजिल की परीक्षा में शामिल हुए कुल 83.94 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किये गये। बोर्ड के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता ने बताया कि परीक्षार्थी बुधवार सुबह से बोर्ड की वेबसाइट पर परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2019 की मदरसा परीक्षाएं फरवरी में आयोजित कराई जाएगी और अन्य बोर्डों की भांति मार्च महीने में परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। विदित हो कि मदरसा बोर्ड पिछले काफी समय से बोर्ड का सत्र दुरुस्त करने की कवायद कर रहा है, बावजूद इसके सत्र को पटरी पर नहीं लाया जा सका है।

आलिम के टॉप टेन परीक्षार्थी
आलिम अरबी में अमरोहा के मोहम्मद फहीम 81.2 और सीतापुर के मोहम्मद गुफरान 81.1 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉपर बने। इसी तरह आलिम फारसी में खीरी के फरहीन खातून 80.3 और अमरोहा के उवैस आलम 80 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप पर रहे। अलीगढ़ के मोहम्मद अरशद जमाल फारसी में 78.6 तथा खीरी के अब्दुल मुजीब अरबी में 78.2, खीरी के हसनैन खान फारसी में 78.1, लखनऊ की मेहरुन्निसां अरबी में 78, बदायंू की अनम नफीस फारसी में 77.6 तथा अलीगढ़ की तंजील फातिमा 77.5 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप टेन में शामिल हुए।
आलिम की टॉप टेन महिला परीक्षार्थी
आलिम अरबी-फारसी में जगह बनाने वाली 10 महिला अभ्यर्थियों में फरहीन खातून, मेहरुन्निसां, अनम नफीस, तंजील फातिमा, तंजीम, नगमा, रिजवाना, यास्मीन, सानिए जहरा और रिजवाना शामिल हैं। टॉप टेन में केवल मेहरुन्निसां लखनऊ के इरम मॉडल कैरियर स्कूल की छात्रा हैं। बाकी 9 में अलीगढ़ का दबदबा कायम रहा।
मुंशी-मौलवी के टॉप टेन परीक्षार्थी
अमरोहा की इफ्फतुज जकिया, अमरोहा के मोहम्मद फैजान, खीरी के मुजीबुद्दीन, रामपुर के फैजान अशरफ, खीरी के नुदरत अली, बरेली के शादाब अलवी, खीरी की राशिदा अतीक, खीरी के मोहम्मद जुबैर और बरेली के मुस्तकीम व इरफानुल हक ने मुंशी-मौलवी के टॉप टेन में जगह बनायी। इसी तरह मुंशी-मौलवी के टॉप टेन में शामिल होने वाली महिला परीक्षार्थियों में अमरोहा की इफ्फतुज जकिया, खीरी की राशिदा अतीक, कासगंज की शबनूर, अलीगढ़ की तहजीब फातिमा, बरेली की बुशरा बज्मी, बरेली की गुलफशां, बरेली की सैफी नाज, अलीगढ़ की कुमारी संगीत सिंह और बरेली की तयबा नाज और इफ्फत फातिमा शामिल हैं।
बोर्ड के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष आयोजित हुई परीक्षाओं में मुंशी के लिए 65555 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया और कुल 44979 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 22,738 परीक्षार्थी सफल घोषित किये गये। इसी तरह मौलवी में 70602 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया और 50115 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि 24960 परीक्षार्थी सफल हुए। आलिम में कुल 44452 ने पंजीकरण कराया और 35564 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 23521 सफल हुए। इसी तरह कामिल में 72146 ने पंजीकरण कराया और 61682 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 45798 सफल हुए। फाजिल परीक्षा में कुल 18000 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण और 15590 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में उपस्थिति की और 13086 परीक्षार्थियों को सफल घोषित किया गया।





