BRIJENDRA BAHADUR MAURYA
मानदेय को लेकर साक्षरता कर्मी 18 दिनों से धरने पर

लखनऊ। राजधानी के लक्ष्मण मेला मैदान पर आदर्श साक्षरता कर्मी वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के धरने प्रदर्शन का 18 वां दिन गुरुवार को पूरा हुआ। प्रदेश अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि साक्षरता कर्मी पिछले कई दशकों से प्रौढ़ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं परन्तु हमें सम्मानजनक मानदेय नहीं मिलता है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर 2 हजार रूपए प्रतिमाह तथा प्रदेश स्तर पर मात्र 6 हजार रूपए प्रतिमाह मानदेय मिलता है जो भरण पोषण के लिए नाकाफी है। साक्षरता कर्मी सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के साथ साथ विभिन्न सर्वे करते हुए पोलियो ड्यूटी भी निभाते हैं। सिंह ने कहा कि इतने कम मानदेय पर काम करते हुए भी जब ढ़ाई सालों से मानदेय बकाया रह जाता है तब जीवन मुश्किल नजर आने लगता है।
प्रमुख मांगे बतातें हुए कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि के अंतर्गत ईपीएफ कटौती कर जमा करवाईं जाए, आकस्मिक या महिला प्रसूति अवकाश, प्रत्येक वर्ष होने वाले नवीनीकरण की समाप्ति, निर्धारित मासिक यात्रा भत्ता, कार्यालय हेतु भवनों का निर्माण, कार्यालय व्यय के लिए धनराशि, सर्वे पोर्टल को अपलोड करने के लिए बजट आवंटन और योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु स्मार्टफोन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
———————————————————————————————————————





