वित्तीय अनियमितता के आरोपी को जिला अस्पताल के एसआईसी का पद मिलना बना चर्चा का विषय
डॉ0 सोनकर पर भदोही के सीएमओ रहते हुए लगा था वित्तीय अनियमितता का आरोप
ए0डी0 (हेल्थ) डॉ0 पुष्कर आनंद को मिल सकता है जिला अस्पताल के एसआईसी का अतिरिक्त चार्ज : सूत्र
अवधनामा ब्यूरो
——————–
गोरखपुर । जिला अस्पताल की लगातार ख़राब हो रही स्थिति और मीडिया में लगातार आ रही खबरों के बाद शासन हरकत में आ गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ए0डी0 (हेल्थ) डॉ0 पुष्कर आनंद को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय गोरखपुर के एसआईसी का अतिरिक्त पदभार दिया जा सकता है।
बताते चलें कि वर्तमान में डॉ0 एच0आर0 यादव के स्थानांतरण के बाद से ही जिला अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई है। जब से ए0डी0 हेल्थ ने जिला चिकित्सालय के कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक के पद पर डॉ0 दिनेश कुमार सोनकर को नियुक्त किया तब से लगातार अस्पताल सुर्ख़ियों में बना हुआ है।
डॉ0 दिनेश कुमार सोनकर पूर्व में संत रविदासनगर (भदोही) में मुख्य चिकित्साधिकारी के पद पर तैनात थे, जहां उनको तैनाती के दौरान शासनादेशों के प्रावधानों का उल्लंघन करने लापरवाही करने तथा वित्तीय नियमों की अवहेलना करने संबंधी गंभीर आरोपों के चलते गोरखपुर जिला चिकित्सालय से सम्बद्ध किया गया था । यह भी बताना जरूरी है कि डॉ0 सोनकर ने 21 मार्च 2017 को जिला अस्पताल गोरखपुर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई । दिसंबर 2016 से 20 मार्च 2017 तक वह कहाँ थे यह अभी तक रहस्य है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ0 सोनकर को दिसंबर 2016 से लेकर मई 2017 तक के वेतन का भुगतान भी नहीं हो पाया है। गोरखपुर जिला अस्पताल के एसआईसी का पद सीएमओ से बड़ा माना जाता है। ऐसे में किस आधार पर एक आरोपी को जिला अस्पताल के एसआईसी जैसा प्रशासनिक पद दे दिया गया यह जाँच का विषय बन गया है । देखा जाये तो एक प्रकार से डॉ0 दिनेश कुमार सोनकर को वित्तीय अनियमित्ता के आरोप के बाद एसआईसी का पद उपहार में दिया गया जबकि मामले की अभी जाँच चल रही है और उनको अभी क्लीन चिट मिलना बाकी है । जब इस मामले में एड़ी हेल्थ डॉ0 पुष्कर आनंद से जानकारी के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया तो घंटी बजने के बाद भी उनका मोबाईल रिसीव नहीं हुआ।





