मथुरा। यमुना के किनारे बसे मथुरा शहर के लोगों को अब पीने के लिए गंगाजल मिलेगा। पेयजल की कमी व अशुद्धता को लेकर बुलंदशहर स्थित अपर गंगा नहर से पाइप लाइन द्वारा आगरा को पानी देने की योजना अब धरातल पर आने जा रही है। इसके अंतर्गत पाइप लाइन बिछाई जा रही है। अपर गंगा नहर से 150 क्यूसेक जल प्राप्त कर उसमें से 140 क्यूसेक जल आगरा को और 10 क्यूसेक जल मथुरा को भी देने की योजना है। यह जल मथुरा के कारब गांव स्थित टेक आॅफ पोइंट से 800 एमएम व्यास की लोहे की दस किमी लम्बी पाइप द्वारा गोकुल बैराज के जल शोधन यंत्र तक लाया जा रहा है। इससे शहर को गंगा जल आपूर्ति की जाएगी।

मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष समीर वर्मा ने बताया कि यह कार्य आगरा के जल निगम के अधीन है। कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। अब मथुरा को जल्द ही गंगा जल की आपूर्ति मिलने लगेगी। जिससे शहर वासियों को शुद्ध पेयजल के रूप में उपलब्ध होगा ब्रज में गंगाजल के आने से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए शहर वासियों ने राहत की सांस ली।





