कानपुर महानगर के कई इलाके बनें महानरक
बजबजाती नालियाँ, चोक नाले और चौतरफा फैला कूड़ा शहरियों के लिये बना बवाले जान
घरों में घुस रहे नाले के बदबूदार पानी से वार्ड 14 नयापुरवा के लोग आक्रोशित
जनता का कहना पिछले 4 सालों से है यह विकट समस्या, क्षेत्रीय पार्षद भी नहीं करते सुनवाई
गंदगी से जूझ रहे लोगों ने दिया विधायक महेश त्रिवेदी को शिकायती पत्र

कानपुर महानगर। नगर निगम कानपुर भले ही लाख दावे करे कि शहरवासी और कानपुर महानगर को स्वच्छता में नम्बर वन बनायेंगे। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। बजबजाती नालियाँ, चोक नाले और सड़कों पर फैली भीषड़ गंदगी से यही लगता है कि “कानपुर महानगर” के कई इलाके “महानरक” से कम नहीं हैं।
जहाँ शहर के कई इलाकों में लोग गंदगी, जलभराव और सीवर समस्या से परेशान हैं। जिसको लेकर रोज कहीं न कहीं विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीँ नगर निगम कानपुर स्वच्छता को लेकर कोरे दावे कर रहा। नगर निगम द्वारा निकाली जाने वाली स्वच्छता जागरूकता वाहनों की लंबी लंबी रैलियां और स्वच्छ सर्वेक्षण लिखी बड़ी बड़ी होर्डिंग्स आदि की शहर में फैली ऐसी गंदगी और हो रहे जोरदार विरोध प्रदर्शन पोल खोल रहे हैं।
कानपुर के वार्ड नम्बर 14 नयापुरवा में कच्ची बस्ती के लोगों के लिये चोक नाला बवाले जान बना हुआ है। चोक नाले के द्वारा होने वाली परेशानी से ऊबकर प्रदर्शन कर रहे क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि उनके घरों के सामने ही एक चोक नाला उफना रहा है। जिसका पानी उनके घरों में घुसा हुआ है। लोगों का कहना था जिसकी शिकायत क्षेत्रीय पार्षद से की लेकिन पार्षद द्वारा अनसुना कर दिया गया। उनका कहना था कि हम लोग नगर निगम जोन तीन जोनल कार्यालय में अधिकारियों के चक्कर लगा लगाकर परेशान हो गये पर हमारी समस्या को किसी ने भी गंभीरता से नहीं लिया।
आक्रोशित उपस्थित महिलाओं ने अपने घरों के बाथरूम दिखाये जो बदबूदार नाले के पानी से लबालब भरे हुये थे। महिलाओं का कहना था कि हम लोगों को मजबूरी में ऐसे संक्रामक पानी में अपना रोज का काम करना पड़ता है। इस कच्ची बस्ती के लोगों के सामने यह चोक नाला बहुत गंभीर समस्या है। क्षेत्रीय निवासी रामबाबू ने बताया कि इस चोक नाले के बदबूदार पानी से लबालब भरे गड्ढे में विगत दिनों एक छोटी लड़की गिर गई थी जिसको बमुश्किल निकाला गया था। उस समय यही लग रहा था कि ऊपर वाले ने एक बहुत बड़ी अनहोनी होने से बचाया। तब से लगातार संबंधित जिम्मदारों से शिकायत पर शिकायत की लेकिन आज तक नतीजा बिल्कुल सिफर रहा। आज इस विकट समस्या से ऊबकर इस बस्ती के लोगों ने जमकर हंगामा किया और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
आज विरोध प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय लोगों ने किदवईनगर विधानसभा से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के आवास जाकर अपनी आप बीती बताई और प्रार्थनापत्र दिया। भाजपा विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी इस समस्या को जल्द से जल्द दूर कराया जायेगा।
समूचे शहर में फैली गंदगी, जल भराव, सीवर समस्या से यही लगता है कि “कानपुर महानगर” के ज्यादातर इलाके “महानरक” से कम नहीं है।
सर्वोत्तम तिवारी की रिपोर्ट





