उत्तर प्रदेश सरकार ने महाराजगंज के केएमसी मेडिकल कॉलेज को 9.75 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन जारी किया है। यह राशि पीपीपी मॉडल पर बन रहे मेडिकल कॉलेजों को बढ़ावा देने की सरकार की नीति का हिस्सा है।
लखनऊ। पीपीपी मॉडल पर प्रदेश में बन रहे मेडिकल कॉलेजों की प्रगति पर प्रदेश सरकार का विशेष ध्यान है। शासन ने 25 मार्च को चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग को पत्र लिखकर केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल महराजगंज के पक्ष में 9.75 करोड़ रुपये का इंसेंटिव जारी कर दिया।
प्रदेश सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज के कांसेप्ट पर आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में 16 जिलों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। वर्ष 2024-25 में इस कॉलेज को 8.75 करोड़ रुपये का मद मिला था।
पहले बैच में 150 एवं दूसरे बैच में 200 छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया हुई। राज्यपाल की स्वीकृति से कुल 350 छात्रों के सापेक्ष 9.75 करोड़ रुपये जारी किया गया। सरकार ने शिक्षण कार्य के साथ ही चिकित्सीय व्यवस्था को भी पूरी तरह व्यवस्थित रखने पर फोकस किया है।
विभागों में कई अत्याधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्चीकृत चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है। चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग एक रजिस्टर बनाकर प्रदान किए गए बजट का पूरा विवरण मेंटेन करेगा। इसका समय-समय पर निरीक्षण करने की प्रक्रिया चलेगी।





