गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम, घंटो तक ट्रैफिक जाम
महोबा। जिले के डहर्रा गांव में रविवार को एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। मृतका की पहचान डहर्रा निवासी आशा पत्नी चुनबाद के रूप में हुई है।
चुनबाद ने बताया कि उनकी पत्नी घर से सफाई के काम के लिए दूसरे घर जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। चुनबाद ने आरोप लगाया कि डंपर चालक शराब के नशे में था और ओवरलोड वाहन तेज रफ्तार में गांव से गुजर रहे थे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई क्रेशर संचालित हैं और उनके ट्रक बिना रोक-टोक सड़कों से गुजरते हैं। उन्होंने कई बार प्रशासन से गांव में स्पीड ब्रेकर बनवाने और ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ सिटी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव में स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे और क्रेशर संचालकों से बातचीत कर ट्रकों के आवागमन पर सख्त नियंत्रण लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।





