अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। शादी का माहौल था, हल्दी-मेहंदी की रस्में हो चुकी थीं, रिश्तेदार सज-धजकर मंडप में मौजूद थे और पंडित जी मंत्रोच्चार के साथ अग्निकुंड सजा चुके थे। लेकिन जब दूल्हे की एंट्री का समय आया, तब सबका दिल एक पल को थम गया — दूल्हा अचानक गायब हो चुका था।
परिवार वालों ने सोचा कि शायद वो किसी दोस्त के साथ बाहर गया होगा या टॉयलेट में होगा, लेकिन आधे घंटे बाद भी कोई अता-पता नहीं। मोबाइल मिलाया गया — बंद। दोस्तों से पूछा गया — किसी को कुछ नहीं पता। कुछ ही देर में मंडप की खुशियाँ तनाव और घबराहट में बदल गईं। दुल्हन के पिता बेहोश हो गए और बाराती एक-दूसरे की शक्ल देखने लगे।
क्या था भागने की वजह?
बाद में पता चला कि दूल्हा शादी से खुश नहीं था। घरवालों के दबाव में वो शादी के लिए राज़ी तो हो गया था, लेकिन मन कहीं और था। कुछ रिश्तेदारों का कहना है कि उसकी पहले से ही किसी और लड़की से सगाई जैसी स्थिति थी। और ऐन मौके पर वो इस ज़िम्मेदारी से बचने के लिए भाग निकला।
लड़की वालों का फूटा ग़ुस्सा
दुल्हन के परिवार ने इस हरकत को “मानसिक प्रताड़ना” बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। लड़की की माँ ने कहा, “इतनी तैयारी की थी, सब रिश्तेदार बुलाए थे, और अब हमारी बेटी का क्या होगा?” परिवार ने दूल्हे पक्ष पर धोखाधड़ी, मानसिक उत्पीड़न और सामाजिक अपमान का आरोप लगाया है।
समाज में उबाल
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में लड़कियों के परिवार की ही बदनामी होती है, जबकि असली ग़लती लड़के की होती है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
थाना टप्पल के प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और दूल्हे की तलाश की जा रही है। अगर दोष साबित हुआ तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





