गोण्डा ।थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा घटना के अनावरण हेतु पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ डिजिटल पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए यक्ष एप का सहारा लिया गया। यक्ष एप के माध्यम से घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सटीक लोकेशन चिन्हित की गई। विभिन्न स्थानों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर एप के माध्यम से उनका विश्लेषण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों की फोटो निकालकर यक्ष एप में अपलोड की गई। यक्ष एप के माध्यम से सर्किल के वाहन चोरों की सूची का अवलोकन कर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई।
प्राप्त इनपुट के आधार पर अभियुक्त की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी गई। जिससे मात्र 02 दिनों के भीतर ही बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। वादी अजय यादव पुत्र राम औतार, निवासी ग्राम लक्ष्मनपुर, चन्दापुर थाना वजीरगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना वजीरगंज पर लिखित तहरीर दी गयी कि वह वजीरगंज बाजार स्थित एक क्लीनिक पर कार्य करते हैं। दिनांक 18.3.2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल को क्लीनिक के पास खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए।
वापस आने पर उक्त मोटरसाइकिल चोरी पाई गई। काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का पता नहीं चल सका। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना वजीरगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान यक्ष एप के माध्यम से सीसीटीवी नेटवर्क को ट्रेस कर फुटेज का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया, जिससे संदिग्ध की पहचान संभव हो सकी। जिसमें वजीरगंज पुलिस द्वारा दिनांक 20.03.2026 को वाहन चेकिंग के दौरान बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही करते हुए बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड, गोण्डा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।





