हमीरपुर। चकबन्दी आयुक्त उत्तर प्रदेश, लखनऊ के परिपत्र संख्या 757 व 759/जीएस-526/2024-25 दिनांक 20 फरवरी 2026 के अनुपालन में जिलाधिकारी/जिला उप संचालक चकबन्दी हमीरपुर के मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/उप संचालक चकबन्दी श्रीमती रिजवाना शाहिद द्वारा तहसील सरीला के ग्राम मुहम्मदपुर में चकबन्दी से संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल के दौरान किसानों की चकबन्दी से जुड़ी समस्याएं सुनी गईं तथा कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्राम पुरैनी निवासी रफीक पुत्र फूलखां ने गाटा संख्या 326/5 में स्कूल व खेल मैदान हेतु सुरक्षित भूमि को निरस्त करने की मांग रखी। वहीं बृजभान पुत्र जगत सिंह ने खाता संख्या 36 में तीन-चार गाटों को चकबन्दी से बाहर किए जाने पर उनकी कीमत निर्धारित कराने की मांग की।
गयादीन पुत्र श्रीपत ने बताया कि प्रभुदयाल पुत्र सुद्धी और प्रभुदयाल एक ही व्यक्ति हैं, जिससे अभिलेखों में त्रुटि उत्पन्न हो रही है। बसीर पुत्र पहलवान ने गाटा संख्या 147 में पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की। अन्य किसानों ने भी पूर्व में किए गए पट्टों पर मौके पर कब्जा दिलाने की समस्याएं रखीं।
इसी क्रम में बंदोबस्त चकबन्दी अधिकारी पैगाम हैदर द्वारा ग्राम धौहल खुर्द एवं उमराहट में भी चौपाल आयोजित कर किसानों की समस्याएं सुनी गईं। चकबन्दी अधिकारी एवं सहायक चकबन्दी अधिकारी सरीला को निर्देश दिए गए कि सभी समस्याओं और वादों का निस्तारण ग्राम स्तर पर सार्वजनिक स्थान पर बैठकर किसानों को विश्वास में लेते हुए पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ किया जाए।
निर्देश दिए गए कि चकबन्दी लेखपाल प्रत्येक माह में दो बार ग्राम चौपाल में उपस्थित रहेंगे तथा वरासत संबंधी प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ग्राम चौपाल में चकबन्दी अधिकारी सरीला गजाधर सिंह, पेशकार मोहम्मद हनीफ, चकबन्दीकर्ता प्रदीप कुमार, चकबन्दी लेखपाल रवि पटेल, ग्राम प्रधान श्रीमती निर्दोष कुमारी, चकबन्दी समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





